अंबाला। उपमंडल बराड़ा के गांव नाहरा देहरा में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परिसर में आज पौधरोपण कर वन महोत्सव मनाया गया। इस कार्यक्रम के तहत विद्यालय में ग्राम सरपंच तरसेम लाल व अन्य सदस्यों ने पौधरोपण कर विद्यार्थियों को पौधों के महत्व के बारे में विस्तार से बताया कि किस प्रकार पौधे हमारे पर्यावरण को शुद्ध करते हैं। पंचायत सदस्यों ने विद्यार्थियों, अभिभावकों व अध्यापकों से अपील की कि वह अधिक से अधिक पौधरोपण करें। प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने विद्यार्थियों को पौधों के महत्व के बारे में बताया। इस अवसर पर नीम, गुलमोहर, तुन, बकैन व शीशम आदि के पौधे लगाए गए व विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इसी प्रकार आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाहरा में वन महोत्सव के उपलक्ष्य में आठवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने पौधरोपण किया तथा पर्यावरण बचाओ देश बचाओ का नारा दिया। तीसरी कक्षा से सातवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने मैंगो डे को उत्सव के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर प्रिंसिपल गुरमीत कौर ने बच्चों को बताया कि पौधे लगाएंगे, तो फल खाओगे व पर्यावरण को बचाओगे। स्कूल में, गांव में, गली में ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर सुधा सिंह, शालिनी, रुचिका, विनोद कुमार आदि अध्यापक उपस्थित रहे।