अंबाला। मोहडा ढाबे के पास खडे़ ट्रक से 130 बॉक्स चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शिकायत में एसएस फॉरवर्डस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर राज किशोर पटेल ने बताया कि उनकी गाड़ी गुवहाटी पीडिलाइट से अंबाला पीडिलाइट के लिए चार जुलाई को लोड हुई थी। इस गाडी में 1186 बाॅक्स थे। इस गाड़ी को हरियाणा के जिला नूंह गांव अकबरपुर निवासी ड्राइवर मुस्ताक गुवहाटी से लेकर चला था। जिसके साथ उसका भाई नासिर दूसरा ड्राइवर था।
ड्राइवर मुस्ताक ने अपने भाई नासिर को गांव अकबरपुर में उतार दिया था। वहां से उसने अपनी मासी के लड़के शेर मोहम्मद को दूसरे ड्राइवर के तौर पर रख लिया। 10 जुलाई को सवेरे करीब सात बजे वह गाड़ी लेकर छावनी के मोहड़ा पहुंचे। जहां पर भारी बरसात होने के कारण सड़क पर पानी भरा हुआ था। इसलिए ड्राइवर गाड़ी को मोहड़ा पुल के पास ढाबे के आगे लगाकर उसमें बैठे रहे। इसके बाद रात 11 बजे ड्राइवर ने ढाबे में खाना खाया और खाना खाने के बाद वह दोनों गाड़ी में करीब एक बजे सो गए। अगले दिन जब वह सुबह 9 बजे उठे और उन्होंने गाड़ी को देखा तो दरवाजा खुला और सील टूटी हुई थी। गाड़ी से 180 बॉक्स कम पाए गए।