कार्यकर्ताओं के साथ उपवास पर बैठे राज्यमंत्री सैनी
अमर उजाला ब्यूरो
शहजादपुर।
राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को त्रिवेणी चौक शहजादपुर में कार्यकर्ताओं के साथ उपवास पर बैठे। उपवास पर बैठने वालों में वरिष्ठ भाजपा नेता मामचंद मित्तल, सिद्धार्थ गुप्ता, प्रेमचंदा वर्मा, स्वर्ण सिंह, बलविंद्र सिंह, दलीप सिंह तथा सुभाष चंद मितल आदि शामिल रहे। इस दौरान राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी पार्टियों के सांसदों द्वारा संसद चलाने में किये गए अवरोध के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर कार्यकर्ताओं द्वारा इच्छा से उपवास रखा गया है। देश में विभिन्न स्थानों पर पार्टी के सांसद व नेता उपवास पर रहेंगे, ताकि जनता को कांग्रेस की असलियत का पता चल सके। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से पिछले दिनों कांग्रेस पार्टी ने स्वार्थ की राजनीति के चलते उपवास को उपहास बना दिया और कांग्रेस के कुछ नेता खा-पीकर उपवास पर बैठने का ढोंग करते रहे। उससे कांग्रेस व उसके नेताओं का असली चेहरा जनता के सामने बेनकाब हो गया है। इस अवसर पर शिवालिक बोर्ड के सदस्य अश्वनी अग्रवाल, मंडल प्रधान विवेक गुप्ता, मनीष बंसल, बलदेव सलौला आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।