अंबाला कैंट। राजकीय स्कूल नंबर सात कपड़ा मार्केट की टीचर द्वारा स्टूडेंट को पीटने और बच्चे की आंख को कथित नुकसान होने के मामले में राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की टीम ने टीचर से पूछताछ की। इस दौरान टीम ने दोनों पक्षों की बात सुनी। उल्लेखनीय है कि स्टूडेंट के परिजनों ने आरोप लगाया था कि स्कूल टीचर द्वारा बच्चे की पिटाई किए जाने के कारण बच्चे की आंख को नुकसान हुआ है। इसी के चलते परिजनों ने स्कूल में रोष भी जताया था। इसी मामले में आयोग के सदस्य परमजीत सिंह बडौला ने बताया कि टीचर से बातचीत हुई है, जिसमें उन्होंने परिजनों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। टीचर ने यह दावा भी किया है कि बच्चे की आंख का उपचार पहले ही चल रहा था। उन्होंने कहा कि फिलहाल बच्चे का मेडिकल बोर्ड से करवाने की सिफारिश की जाएगी, जिसके बाद पता चल सकेगा कि बच्चे की आंख का इलाज पहले चल रहा था या फिर पिटाई से आंख को नुकसान हुआ है।