अंबाला सिटी। उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने बताया कि वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन लगवाने के लिए आवेदक अपने क्षेत्र में स्थित अटल सेवा केंद्रों से आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अटल सेवा केंद्रों पर ऑनलाइन आवेदन के बाद मूल आवेदन तथा आवेदन के साथ लगाए गए दस्तावेजों की छाया प्रति प्रार्थी को वापस कर दी जाएगी। प्रार्थी को यह दस्तावेज निर्धारित दिन को खंड स्तर पर लगने वाले शिविर में जांच करवाने होंगे। उन्होंने बताया कि ऑनलाईन आवेदन करने के बाद खामियां रहने पर लोगों को जिला मुख्यालय पर चक्कर लगाने पड़ते थे। अब खंड स्तर पर ही इन दस्तावेजों की जांच की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए प्रत्येक विकास खंड के लिए दिन निर्धारित कर दिए गए हैं और शहरी क्षेत्र में भी निगम और नगरपालिका स्तर पर दिन निर्धारित किए गए हैं।