जागरण में हुड़दंगियों ने मचाया उत्पात
अंबाला कैंट। मोची मंडी स्थित गली नंबर दो में चल रहे जागरण के दौरान सोमवार देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब मौके पर पहुंचे करीबन 10-12 युवक जागरण के बाहर आकर जमा हुए। आयोजकों ने जब युवकों का विरोध जताया तो भड़के युवकों ने हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया और जागरण के बाहर खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ कर दी। उधर, मामला बढ़ते देख आयोजकों ने तुरंत इलाका पुलिस को सूचित किया और पुलिस पीसीआर आती देखकर युवक मौके से फरार हो गए। मंगलवार सुबह भी जागरण स्थल पर होने वाले भंडारे से पहले हथियारों से लैस होकर युवक आसपास चक्कर लगाते रहे। आयोजकों ने तुरंत भंडारा छोड़कर पहले इलाका पुलिस थाने में हुड़दंगियों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई करने की मांग की और भंडारा शुरू किया। आयोजक कमल, राजेश, पवन, माया देवी, अंजू, रामेश्वरी व राधा ने बताया कि वह हर वर्ष कंकाली माता का भगवती जागरण करते है। सोमवार देर रात पूरे विधि विधान से जागरण शुरू किया गया था। तभी अचानक कुछ बाहरी युवक आए। एक युवक विरोध करने पहुंचा तो युवकों ने उसकी पिटाई कर दी और जागरण के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। सूचना पाकर समस्त श्रद्धालु बाहर आ गए और पुलिस को सूचित किया। उनका कहना था कि युवकों ने मंगलवार भी उन्हें डराने का प्रयास किया। इलाका पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।