कार की टक्कर से रेहड़ा चालक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
शहजादपुर। वीरवार सुबह गांव पतरहेड़ी के नजदीक कार व घोड़ा रेहड़ा की टक्कर में रेहड़ा चालक की मौत हो गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव वारिसों को सौंप दिया। गांव पतरेहड़ी का 57 वर्षीय रामपाल वीरवार सुबह करीब 4:30 बजे अपने घर से घोड़ा रेहड़ा जोत कर सब्जी लेने मंडी शहजादपुर के लिए निकला था। जैसे ही वह कर्णपाल के ट्यूबवेल के पास पहुंचा तो एक तेज रफ्तार कार ने उसके रेहड़े को टक्कर दे मारी। रामपाल रेहड़े से नीचे गिर कर बुरी तरह से घायल हो गया। उसे लोगों ने सीएचसी शहजादपुर में पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सामान्य अस्पताल सेक्टर 6 पंचकूला के लिए रेफर कर दिया। पंचकूला जाते समय रास्ते में ही घायल रामपाल ने दम तोड़ दिया। कार चालक कार को लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।