मांगें मनवाने के लिए 26 को प्रदर्शन करेगी रोडवेज यूनियन
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ के 26 फरवरी को होने वाले धरने को लेकर यूनियन प्रधान रमेश श्योकंद और सचिव महावीर पाई ने कर्मचारियों से आह्वान किया कि धरने में सभी कर्मचारी बढ़-चढ़कर भाग लें। ताकि कर्मचारियों की सभी मांगों और समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि यूनियन ने कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं को लेकर मांग पत्र जनवरी 2017 में महाप्रबंधक अंबाला को सौंपा था, लेकिन आज लगभग एक साल से ऊपर का समय बीतने पर भी मांग व समस्याओं का समाधान करने की बजाय और भी बढ़ा दी हैं। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार और उसके अधिकारियों की यह मानसिकता बन गई है कि जब तक सारा काम ठप नहीं होता तब तक बातचीत नहीं करनी।