अंबाला। विदेश भेजने के नाम पर 1.10 लाख रुपये की ठगी हो गई। पुलिस ने गरनाला गांव निवासी सुदेश कौर की शिकायत पर मोहाली बलटाना निवासी रशमी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सुदेश कौर ने बताया कि रशमी का पति सतपाल सूद धोखाधड़ी के एक मामले में सेंट्रल जेल बुड़ैल में बंद है, वहीं उनका पति लखमीर सिंह भी जेल में है। सतपाल सूद ने उनके पति को विदेश भेजने का झांसा दिया कि वो उनके बेटे को विदेश भिजवा देगा। उस पर विश्वास करके विदेश भेजने को लेकर होने वाले खर्च की बात सतपाल सूद की पत्नी रशमी से हुई तो उसने ढाई लाख रुपये ले लिए और जल्द इंग्लैंड भेजने का आश्वासन दिया, लेकिन आठ माह बीत जाने के बाद भी रशमी ने उनके बेटे को विदेश नहीं भेजा। इसके बाद उसे काफी कोशिश करने के बाद एक लाख 40 हजार रुपये वापिस लिए। लेकिन अब वो बचे हुए एक लाख 10 हजार रुपये देने से इंकार कर रही है।