अंबाला। इस बार रोडवेज विभाग 16 दिन तक श्रद्धालुओं को त्रिलोकपुर धाम स्थित मां आदिशक्ति बाला सुंदरी के दर्शन करवाएगा। पहले विभाग की ओर से नौ दिनों तक बस चलाई जाती थी। पहले नवरात्र पर रोडवेज की 10 बसें और दूसरे नवरात्र पर करीब 15 बसें श्रद्धालुओं को लेकर अंबाला शहर और नारायणगढ़ बस अड्डा से त्रिलोकपुर पहुंची। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए रूट पर बसों की संख्या और फेरे बढ़ाए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के सिरमौर स्थित त्रिलोकपुर धाम में मां आदिशक्ति बाला सुंदरी का ऐतिहासिक और प्राचीन मंदिर है। इस मंदिर पर नवरात्र के दौरान मेला लगता है। नवरात्र में त्रिलोकपुर में मां बाला सुंदरी मंदिर में दर्शनों के लिए अंबाला से भी काफी संख्या में श्रद्धालु जाते हैं। वहीं, हरियाणा रोडवेज की ओर से अंबाला से त्रिलोकपुर जाने के लिए नवरात्र में विशेष बसें चलाई जाती हैं। इस बार भी विभाग ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस रूट पर 10 बसें चलाने के लिए परमिट लिए हैं। दूसरे नवरात्र पर नारायणगढ़ बस अड्डे से त्रिलोकपुर जाने के लिए सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर पहली बस रवाना हुई। इसके एक घंटे बाद दूसरी बस 7 बजकर 15 मिनट और तीसरी बस 4 बजकर 45 मिनट पर रवाना हुई।
-
वर्जन
नवरात्रों में त्रिलोकपुर के लिए 9 से 24 अप्रैल तक स्पेशल बस चलाने के लिए 10 परमिट लिए गए हैं। पहले नवरात्र पर दस और दूसरे नवरात्र पर 15 बसें श्रद्धालुओं को लेकर त्रिलोकपुर गई। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए और भी स्पेशल बसें चलाई जाएंगी।
बिजेंद्र सिंह, डीआई, नारायणगढ़ सब डिपो।