अंबाला शहर नागरिक अस्पताल में स्थित एनसीडी केंद्र
अंबाला सिटी। शहर में नशे से ग्रस्त लोगों को उपचार के लिए 10 बेड का नशा मुक्ति केंद्र बनने जा रहा है। इससे लोगों को निजी केंद्रों धक्के नहीं खाने होंगे। यह नशा मुक्ति केंद्र अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल में चल रहे एनसीडी वार्ड में बनेगा।
गौरतलब है कि यहां पर फिलहाल टीबी, एनसीडी और नशे के रोगियों की जांच होती है। नशा मुक्ति केंद्र के लिए टीबी वार्ड को यहां से शिफ्ट होकर टीबी केंद्र में जाएगा। इसके लिए एम्स की टीम अस्पताल परिसर का निरीक्षण करेगी। साथ ही एम्स द्वारा ही यहां पर चिकित्सक और दवा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
शुरू में यह केंद्र 10 बिस्तर का बनाया जाएगा। बाद में इसे 16 बिस्तर तक बढ़ाया जाएगा। नशा मुक्ति केंद्र के लिए कमेटी का भी निर्माण किया जाएगा। गौरतलब है कि सरकार की ओर से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए नशा मुक्ति केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया था। पहले चरण में जिन जिलों में मनोचिकित्सक व स्थान की उपलब्धता है। उन्हीं में नशा मुक्ति केंद्र खोलें जांएगे। जिले में फिलहाल 15 नशा मुक्ति केंद्र चल रहे है। जिनमें से 14 निजी है और एक सरकारी है। नागरिक अस्पताल में 10 बेड का नशा मुक्ति केंद्र खुलने से नशे के आदि लोगों के उपचार में मदद मिलेगी।
जिला स्तरीय समिति का भी होगा गठन
नशीली दवाओं और अन्य पदार्थों पर लगाम लगाने के लिए एक जिला स्तरीय समिति का भी गठन किया जाएगा। लेकिन अभी तक विभाग के पास अभी पत्र नहीं आया है। हालांकि यह पत्र इस सप्ताह आने की उम्मीद थी। पत्र आने के बाद ही समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए कार्य करेगी।
वर्जन
अंबाला शहर नागरिक अस्पताल परिसर में यह केंद्र खोला जाएगा। यहां पर स्थित टीबी वार्ड को शिफ्ट किया जाएगा। इसी स्थान पर 10 बेड का केंद्र शुरू किया जाएगा। इसके लिए एम्स की टीम सबसे पहले अंबाला अस्पताल का निरीक्षण करेगी। इसके बाद ही केंद्र के निर्माण का काम शुरू होगा।
-डॉ राजेंद्र राय, एमओ, स्वास्थ्य विभाग अंबाला।