शहर पुलिस ने दहेज के लिए आग लगाकर विवाहिता की हत्या करने के मामले में आरोपी उसके पति राकेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। आरोपी सास-ससुर अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
रोहतक रोड चौड़ी गली सुभाष नगर निवासी राकेश की 23 वर्षीया विवाहिता नीरू 9 सितंबर की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गई थी। उसे सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। मगर मायका पक्ष उकलाना निवासी परिजन उसे हिसार के एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां दो दिन पहले 12 अक्तूबर को नीरू ने दम तोड़ दिया।
इससे पहले नीरू ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने दिए बयान में आरोप लगाया कि उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उस पर तेल छिड़ककर आग लगाई है। पुलिस ने विवाहिता के बयान पर पति राकेश, ससुर आनंद और सास चंद्रकला के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने, मामले को खुर्द-बुर्द करने के प्रयास का मामला दर्ज किया था। जांच अधिकारी राममेहर ने बताया कि रविवार शाम को पुलिस ने आरोपी राकेश को गिरफ्तार कर लिया है।