कसौला पुलिस ने सोमवार को महिला के अपहरण की वारदात में शामिल पांच आरोपियों कलवंत, प्यारा सिंह, सोहरण सिंह, हरजीत, कपूर सिंह को अलवर के गांव सेंटर बास बाधोडा से गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेम विवाह से नाराज परिजन युवती और उसके पति को पीट कर उसकी सास का अपहरण करके ले गए थे। कसौला थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर उसके मायके वालों के खिलाफ अपहरण और मारपीट करने का मामला दर्ज किया है।
जांच अधिकारी के अनुसार अलवर के सेंटर बास निवासी बिमला कौर ने चार माह पहले अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ सुखविन्दर से शादी की थी। शादी के बाद दोनों जड़थल गांव में आकर बटाई पर खेती करने लगे थे। परिजन उनका सुराग लगा कर 17 सितंबर की रात जड़थल गांव पहुंच गए।
अपने परिजनों को देखकर बिमला खेत में ही छिप गई थी, लेकिन सुखविंदर की मां शीला कौर वहां मौजूद थी। गुस्साए परिजन शीला को गाड़ी में डाल जयपुर की ओर भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया और राजस्थान पुलिस को भी सूचना दे दी।
पुलिस से घिरा देखकर अपहरणकर्ता शीला कौर को जयपुर के पास फेंक कर फरार हो गए थे। शीला से अपहरणकर्ताओं ने मारपीट भी की जिसके चलते उसे जयपुर के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।