चरखी दादरी जिले के खेड़ी सनवाल गांव में मंगलवार रात भारी बारिश के दौरान एक मकान ढह गया। गनीमत रही कि पीड़ित परिवार के सदस्य उस समय जाग रहे थे और समय रहते बाहर भागकर अपनी जान बचा ली। हादसे में परिवार का सारा सामान मलबे में दब गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
विज्ञापन
परिवार के लोगों की बची जान
खेड़ी सनवाल निवासी भूप सिंह ने बताया कि मंगलवार रात जोरदार बारिश के दौरान बिजली गुल हो गई। बारिश थमने के बाद परिवार के सदस्य भूप सिंह, उनकी पत्नी कृष्णा, बेटा सुरेंद्र, और पुत्रवधू जाग रहे थे। तभी अचानक एक कमरे से कुछ गिरने की आवाज आई। जांच करने पर पता चला कि एक कमरा ढह चुका था। इसके तुरंत बाद परिवार आंगन में भागा, और उसी दौरान दूसरा कमरा भी ढह गया।
सहायता की गुहार
हादसे में कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन परिवार का सारा सामान मलबे में दब गया। रातभर परिवार मलबे से सामान निकालने की कोशिश में जुटा रहा। सुबह गांव वालों ने मौके पर पहुंचकर उनकी मदद की। भूप सिंह ने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है ताकि परिवार इस नुकसान से उभर सके।