हरियाणा के गांव नांगल नूनिया में वीरवार देर शाम कुएं में गिरने से 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस ने इस संदर्भ में मृतक के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया घटना की कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार गांव नांगल नूनिया निवासी बाबूलाल वीरवार देर शाम करीब आठ बजे अपने खेत में बने कुएं पर मोटर चलाने के लिए गया था।
इस दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया। वहां से गुजर रहे किसानों ने कुएं से आ रही आवाज सुनी तो परिजनों को सूचित किया।
सूचना मिलने पर परिजनों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बाबूलाल को कुएं से बाहर निकाला लेकिन तब तक बाबूलाल दम तोड़ चुका था।