हरियाणा के करीब 1200 गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों पर इस सप्ताह ताला जड़ दिया जाएगा। शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों पर कार्रवाई करनी शुरू कर दी है।
इन स्कूलों को बंद करने के बाद विभाग पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में हलफनामा दायर कर जानकारी देगा की गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को बंद कर दिया गया है।
शिक्षा मंत्री ने यह निर्णय केंद्रीय मानव संसाधन एवं विकास मंत्री एम पल्लम राजू से बातचीत के बाद लिया है। पल्लमराजू ने स्पष्ट कहा है कि जो काम सही है उसे करने में कोताही न बरती जाए, अतिशीघ्र इन स्कूलों को बंद किया जाए।
विभाग ने पहले भी इन स्कूलों को स्व घोषणा पत्र भरकर दोबारा से मान्यता के लिए आवेदन करने के लिए कहा था। इसके तहत कुछ स्कूलों ने तो आवेदन किया, लेकिन यह वे 1200 स्कूल हैं जिनमें शिक्षा के नाम पर कोई भी सुविधा नहीं है। कुछ स्कूल तो मात्र एक कमरे में चल रहे हैं।
इस मामले में हाईकोर्ट के निर्देश हैं कि ऐसे स्कूलों को बंद करके विभाग शपथ पत्र दाखिल करे। इस मामले में कोर्ट ने यह भी निर्देश दिए हैं कि स्कूलों को कारण बताओ नोटिस देने के बाद कार्रवाई की रिपोर्ट भी कोर्ट में पेश करें। शिक्षा के अधिकार बिल के तहत भी प्रत्येक स्कूल के लिए जरूरी है कि वह मान्यता हासिल करें।
इस कार्रवाई के बाद विभाग इस प्रयास में है कि इन स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों को अतिशीघ्र निजी, सरकारी सहायता प्राप्त और सरकारी स्कूलों में भर्ती किया जाए, जिससे उनके भविष्य पर कोई संकट न आए।