. चिलुआताल इलाके में हुई घटना, मामूली रूप से घायल युवक को पुलिस ने अस्पताल भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा मोहल्ले में व्हाट्सएप ग्रुप के विवाद में बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली बदमाश के हाथ को छूते हुए निकल गई। मामूली रूप से घायल युवक को अस्पताल भेजकर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। सभी आरोपी घर छोड़कर फरार है।
जानकारी के मुताबिक, बरगदवां मोहल्ले में युवकों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। इसी ग्रुप में एक शख्स को जोड़ने को लेकर दीपक और विशाल चौहान के बीच सोमवार की देर रात विवाद हो गया। दीपक अपने साथी अमर सिंह चौहान के साथ मोहल्ले में टहल रहा था। इसी बीच विशाल अपने चार-पांच साथियों के साथ आया और उलझ गया। बहस के दौरान ही किसी ने फायरिंग कर दी, जो दीपक के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मौके से एक पिस्टल बरामद कर ली है। आरोपी घर छोड़ कर फरार है और मामूली रूप से घायल को अस्पताल भेजा गया है। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है, केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। युवक को चोट कैसे लगी है इसकी जांच कराई जा रही है।