सरदारनगर। चौरीचौरा क्षेत्र के बेलवा बाबू गांव के बाइक सवार दो युवक 20 जुलाई को ढाला टेंपो के टक्कर में घायल हो गए थे। इसमें इलाज के दौरान एक युवक की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। घटना में कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने शाम के समय इब्राहिमपुर चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक वह बैठे रहे, इसके बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें अंतिम संस्कार के लिए भेजा।
मृतक की मां लालमति देवी ने पुलिस को बताया कि 20 जुलाई को उनका पुत्र सतीश पासवान (25) अपने मित्र इब्राहिमपुर निवासी दीपक के साथ चौराहे पर घर का सामान खरीदने के लिए जा रहे थे। रास्ते में गलत साइड से तेज रफ्तार में टेंपो ने ठोकर मार दी। इसमें उनका पुत्र व मित्र घायल हो गए। आसपास के लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने एम्स रेफर कर दिया। बृहस्पतिवार की सुबह इलाज के दौरान सतीश की मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव को लेकर घर आए थे।