- मेडिकल स्टोर संचालक की बिजली ठीक करने पहुंचा था युवक
अमर उजाला ब्यूरो
उनवल। खजनी थाना के मेडिकल स्टोर संचालक की बिजली ठीक करने पोल पर चढ़े बिजली मिस्त्री की करंट लगने से मौत हो गई। बिजली मिस्त्री की पहचान सिकरीगंज के बलुआ गांव निवासी राजेंद्र गौड़ (36) के रूप में हुई। युवक की मौत की सूचना पर खजनी थाने पर पहुंचे परिवार व ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग करते हुए खजनी-सिकरीगंज मार्ग पर जाम कर दिया। क्षेत्राधिकारी विजय आनंद शाही ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। मृतक की पत्नी मीनू देवी ने मेडिकल स्टोर संचालक पर आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, खजनी पीएचसी के गेट पर विनय कुमार सिंह की हर्ष मेडिकल स्टोर और पैथालॉजी की दुकान है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 12 बजे दुकान की बिजली खराब होने पर ठीक कराने के लिए राजेंद्र को बुलाया था। दुकानदार के कहने पर लाइट ठीक करने के लिए राजेंद्र ट्रांसफाॅर्मर के पास लगे पोल पर चढ़ गया। जहां हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। मेडिकल स्टोर संचालक युवक को लेकर जिला अस्पताल गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।