पिपराइच। थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव में शुक्रवार शाम मानसिक अवसाद से परेशान 20 वर्षीय युवती ने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के समय वह घर में अकेली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कैथवलिया निवासी ध्रुव भारती मजदूरी करने गए थे जबकि उनके दो बेटे बाहर रहकर काम करते हैं। उनकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। तीन बहनों में दूसरे नंबर की रानी शुक्रवार को घर पर थी। उसकी छोटी बहन माया किसी काम से गांव में गई थी। शाम को लौटने पर उसने रानी को घर में मृत अवस्था में देखा। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अनूप सिंह के मुताबिक, रानी काफी समय से मानसिक अवसाद से परेशान थी। वह पहले भी घर से भटककर कई दिनों तक लापता हो गई थी। उस समय पुलिस ने उसे तलाश कर बरामद किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। संवाद