-छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक पर केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
पीपीगंज (गोरखपुर)। नगर के एक वार्ड की छात्रा (15) पब्लिक स्कूल में कक्षा नौवीं में पढ़ती है। स्कूल आते-जाते समय आठ माह से एक युवक छेड़खानी कर रहा था। परेशान होकर छात्रा ने यह बात अपने परिजनों को बताई। जिसके बाद शनिवार को छात्रा के पिता ने आरोपी युवक मंगलपुर निवासी सचितानंद यादव के खिलाफ पीपीगंज थाने पर तहरीर देकर केस दर्ज कराया है। पीड़िता के पिता ने तहरीर में लिखा है कि जब भी स्कूल की छुट्टी होती थी, आरोपी रास्ते में छात्रा को रोककर जबरन बात करता था। लोकलज्जा के कारण बेटी इस बात को छिपाती रही। आरोप है कि एक दिन आरोपी की मां और बहन स्कूल पहुंच गई, वे बेटी से कहने लगी कि मेरे बेटे से बात करो। इसके बाद बेटी ने स्कूल जाना छोड़ दिया था।