गोरखपुर के चिलुआताल इलाके के रेल विहार फेज चार स्थित होटल में बृहस्पतिवार की दोपहर चार बदमाशों ने युवक को बंधक बनाकर अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। युवक का अश्लील वीडियो बनाकर उसके सगे संबंधियों से रुपये की मांग किया और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे।
पहले पीड़ित की शिकायत पर दो थानों की पुलिस सीमा क्षेत्र के लेकर उलझी रही। बाद में चिलुआताल पुलिस ने शुक्रवार को चारों आरोपियों के खिलाफ अप्राकृतिक दुष्कर्म का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
महराजगंज जिले का युवक शाहपुर के चरगांवा में किराए पर रहता है। वह स्नातक के बाद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। पीड़ित ने बताया कि एक महीने पहले आरोपी करन ठाकुर नाम का एक युवक ने उसे इंस्टाग्राम पर फॉलो किया। उसके बाद बातचीत करते हुए उसने व्हाट्सएप नंबर ले लिया। पीड़ित ने बताया कि आरोपी हमेशा उसे अपने घर पर बुलाता था।
आरोप है कि बृहस्पतिवार को भी फोन कर घर पर बुला रहा था। नहीं जाने पर चरगांवा उसके कमरे के पास पहुंच गया और वहां से बाइक पर बैठाकर रेल विहार फेस 4 स्थित होटल के तीसरी मंजिल पर ले गया। इस दौरान पीड़ित मना करता रहा, लेकिन आरोपी उसे मौज-मस्ती करने की बात कहकर कमरे में ले गया और अपना कपड़ा उतार कर अश्लील हरकतें करने लगा।
पीड़ित ने मना किया तो वह वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। इसी दौरान तीन युवक और पहुंचे और पीड़ित को बंधक बनाकर उसका मोबाइल ले लिए। बेल्ट और थप्पड़ से मारपीट कर वीडियो बनाया और धमकी देने लगे। आरोपियों ने पीड़ित के सगे-संबंधियों से रुपये की भी मांग की।
बदमाशों ने अपने हाथ में पीड़ित का मोबाइल फोन लेकर सगे संबंधियों से बात करने को कहा। कई जगह फोन करने के बाद भी किसी ने रुपया नहीं दिया। फिर पीड़ित ने बहन के पास फोन किया तो बहन घबरा गई और मेडिकल कॉलेज के पास रुपये लेकर पहुंच गई।
बहन ने वहां से फोन किया तो बाइक से एक बदमाश पीड़ित को लेकर मेडिकल कॉलेज के पास पहुंचा और कुछ दूर पहले उसे उतार दिया। पीड़ित युवक अपनी बहन के पास गया और पूरी घटना बताई। इस दौरान बदमाश वहां से फरार हो गया था।
सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
बहन, भाई को लेकर मेडिकल कॉलेज चौकी पहुंची तो वहां की पुलिस ने शाहपुर थाने का मामला बताया। शाहपुर थाने पहुंची तो पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद चिलुआताल क्षेत्र का बताकर वहां की पुलिस को सूचना दी। रात 11 बजे पहुंचे पीड़ित को चिलुआताल पुलिस ने शुक्रवार को थाने बुलाया। शुक्रवार को पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि युवक को होटल में बंधक बनाकर पीटने और उसके साथ अश्लील हरकत करने के मामले में चिलुआताल पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अप्राकृतिक दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।