गोरखपुर। जिले में अभी भी कई परिषदीय विद्यालय ऑपरेशन कायाकल्प के मानकों को पूरा नहीं कर पा रहे हैं। इसके लिए शिक्षा विभाग ऑपरेशन कायाकल्प के तहत रणनीति बनाकर परिषदीय विद्यालयों की स्थिति में बदलाव करने की तैयारी में है। इसके लिए शासन के आदेश पर 14 जून को शिक्षा विभाग की विशेष बैठक बुलाई की गई है।
जिले के 2504 परिषदीय स्कूलों को ऑपरेशन कायाकल्प योजना के तहत मूलभूत सुविधाओं, सुंदरीकरण के लिए 2017 से यह व्यवस्था शुरू की गई थी, लेकिन अभी तक एक तिहाई विद्यालय सभी पैरा मीटर पर खरे नहीं उतरे हैं। कुल विद्यालयों में से लगभग 900 विद्यालयों की स्थिति ऐसी ही है।
इन्हीं बातों का संज्ञान लेते हुए स्कूलों के कायाकल्प संबंधित कार्यशाला का आयोजन 14 जून को किया जा रहा है। इसमें जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ खंड शिक्षा अधिकारी, सभी जिला समन्वयक एवं स्टेट रिसोर्स ग्रुप भाग लेंगे। कार्यशाला में ऑपरेशन कायाकल्प के 19 पैरामीटर को पूर्ण करने की रणनीति एवं रूपरेखा का निर्धारण किया जाएगा।
ऑपरेशन कायाकल्प के 19 पैरामीटर में शुद्ध पेयजल, बालक एवं बालिका शौचालय, रसोईघर, विद्यालय की रंगा-पुताई, वायरिंग, विद्युत उपकरण, बच्चों के लिए डेस्क-बेंच, विद्यालय बाउंड्री आदि शामिल हैं।
अधिकतर विद्यालय 16 से 19 पैरामीटर को पूरा कर रहे हैं। जिन विद्यालयों में 19 पैरामीटर पूरे नहीं हो पा रहे हैं, उनका कारण जानकर समस्या का समाधान किया जाएगा। सभी स्कूल 19 पैरामीटर पर जल्द ही खरे उतरेंगे।
- रमेंद्र कुमार सिंह, बीएसए