रामगढ़ताल धीरे-धीरे वाटर स्पोर्ट्स का केंद्र बन रहा है। 2023 में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के बाद अब यहां पर राष्ट्रीय स्तर की महिलाओं की रोइंग प्रीमियर लीग होगी। प्रतियोगिता का आयोजन सितंबर में भारत सरकार के खेल मंत्रालय के निर्देशन में होगा। रोइंग में प्रीमियर लीग का आयोजन देश में पहली बार होगा। इसमें देशभर की खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगी।
रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने प्रस्ताव बनाकर खेल मंत्रालय को भेजा है। मंत्रालय की ओर से मौखिक स्वीकृति मिल गई है। चुनाव के बाद इसकी तिथि जारी होने की उम्मीद है।
वाटर स्पोर्ट्स के लिए गोरखपुर बेस्ट
उत्तर प्रदेश नौकायन संघ के सचिव सुधीर शर्मा ने बताया कि गोरखपुर में वाटर स्पोर्ट्स का हब बन सकता है। रामगढ़ताल का पानी भी रोइंग के लिए बहुत उत्तम है। बड़ी प्रतियोगिताएं होंगी तो खिलाड़ियों को भी मौके मिलेंगे। यहां विश्व की सबसे अच्छी बोट से लेकर सारी सुविधाएं हैं।
नवंबर में जूनियर नेशनल रोइंग प्रतियोगिता
सितंबर में महिलाओं की रोइंग प्रीमियर लीग के बाद रामगढ़ताल में नवंबर में जूनियर नेशनल रोइंग प्रतियोगिता का आयोजन होगा। रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशन में इसका आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर संघ ने यूपी रोइंग संघ को दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रतियोगिता में देशभर से महिला और पुरुष खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे।
सचिव, यूपी नौकायान संघ सुधीर शर्मा ने बताया कि इस साल गोरखपुर में रोइंग की राष्ट्रीय स्तर की दो प्रतियोगिताएं होंगी। सितंबर में महिलाओं के लिए रोइंग प्रीमियर लीग और नवंबर में जूनियर नेशनल प्रतियोगिता आयोजित होगी। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन से यहां पर वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा मिलेगा।