रेलवे बोर्ड ने सभी जोन के महाप्रबंधकों से मांगी है सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। महिला ट्रैक मेंटेनर और महिला लोको पायलट को अनुकूल विभाग चुनने का विकल्प रेलवे बोर्ड ने दिया है। एनएफआईआर/पीआरकेएस की मांग पर रेलवे बोर्ड ने यह फैसला लिया है। इसके लिए पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री विनोद राय ने एनएफआईआर और रेलवे बोर्ड को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री विनोद राय ने बताया महिला ट्रैक मेंटेनर व महिला लोको पायलटों को उनके अनुकूल विभाग के चयन के लिए विकल्प देने के लिए रेलवे बोर्ड ने सभी जोन के महाप्रबंधकों से लंबित आवेदनों की संख्या अविलंब उपलब्ध कराने को कहा है। रेल में ट्रैक मेंटेनर और लोको पायलट संवर्ग में बहुत सारी महिला कर्मचारियों की नियुक्ति हुई है। रेलवे बोर्ड के इस फैसले से महिलाओं की समस्या दूर हो जाएगी। इस पर पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी आरपी भट्ट, डीके तिवारी, एससी अवस्थी, केएम मिश्रा, कौशल कुमार सिंह सहित अन्य लोगों ने खुशी जताई है।