अहमदाबाद–गोरखपुर एक्सप्रेस में सफर कर रही मऊ जनपद की एक युवती के साथ टीटीई द्वारा दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना इंदारा और देवरिया के बीच ट्रेन के एसी प्रथम श्रेणी कोच के केबिन में हुई बताई जा रही है। पीड़िता की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि वह गोरखपुर में किराए पर कमरा लेकर सेना भर्ती की तैयारी कर रही है। रविवार को वह ट्रेन में सवार हुई, लेकिन सीट न मिलने पर एसी प्रथम श्रेणी कोच में पहुंच गई। आरोप है कि वहां मौजूद टीटीई राहुल कुमार ने सीट दिलाने का भरोसा दिया और उसे अपने साथ कोच के केबिन में ले गया।
युवती का आरोप है कि भटनी के पास आरोपी ने केबिन का दरवाजा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर वह केबिन से बाहर निकली। इसके बाद पीड़िता ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। बताया जा रहा है कि देवरिया पहुंचने से पहले ही आरोपी टीटीई ट्रेन से उतरकर फरार हो गया।
घटना शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है। सीओ बलिया सविरत्न गौतम ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।