गुलरिहा (गोरखपुर)। गुलरिहा इलाके की एक महिला ने रुपये दोगुना करने के लालच में तीन लाख रुपये गंवा दिए। पीड़िता ने खुद खातों में रुपये भेजे जब रुपये दोगुने नहीं हुए तो उसे ठगी का एहसास हुआ। पीड़िता ने एसपी क्राइम को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, इलाके के सेमरा नंबर दो की रहने वाली प्रियंका दुबे के साथ ठगी हुई है। पुलिस को दी तहरीर में प्रियंका ने लिखा है कि 17 अगस्त की शाम सात बजे एक अंजान नंबर से फोन आया और रकम दोगुना करने की बात कही गई। इसके बाद एक दूसरे नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज करके टेलीग्राम एप ज्वाइन करने की बात कही।
महिला से टेलीग्राम के माध्यम से www.cryptojye.cc का लिंक भेजकर नई आईडी बनवाकर जालसाज ने रुपये दोगुना करने का लालच देकर दो अलग-अलग खातों में तीन लाख रुपये मंगवा लिए। एसपी क्राइम के आदेश पर गुलरिहा पुलिस बृहस्पतिवार को अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज मामले की जांच कर रही है।