बड़हलगंज और कैंपियरगंज इलाके में हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कैंपियरगंज और बड़हलगंज इलाके में हुए सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक शख्स घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक, कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के बादशाहपुर-रामचौरा मार्ग पर शुक्रवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से इशरावती (60) की मौत हो गई। वह अपने गांव बादशाहपुर से सुबह सात बजे सड़क की तरफ किसी काम से गईं थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से घायल हो गईं। उन्हें समीप के अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बड़हलगंज प्रतिनिधि के मुताबिक, क्षेत्र के राम जानकी मार्ग डेरवा चौराहे पर बृहस्पतिवार शाम दवा व घरेलू सामान लेने गए 50 वर्षीय रामू प्रसाद को विपरीत दिशा से आ रही बाइक ने ठोकर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उनका इलाज सदर अस्पताल आजमगढ़ में करा रहे हैं। रामू प्रसाद बड़हलगंज क्षेत्र के बिरहुआ गांव के नौका टोला निवासी हैं।