- गोला इलाके में सराफ की दुकान में 18 अप्रैल को हुई थी घटना
- करीब चार किलो चांदी और 16 ग्राम सोने का हार बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोला इलाके में सराफ की दुकान से चांदी और सोना चोरी करने वाली महिला को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी गए 3.945 किग्रा चांदी और 16 ग्राम सोने का हार बरामद किया गया। पुलिस ने उसे सीसीटीवी कैमरा और सर्विलांस की मदद से पकड़ा है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा गया।
महिला की पहचान आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार निवासी रीना पत्नी हरिकेश के रूप में हुई। एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर घटना की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि 18 अप्रैल को गोला इलाके के साहू एंड संस नाम की दुकान पर दो महिलाएं पहुंची थीं।
गहने देखने के बहाने ही बड़ी शातिराना तरीके एक हार और चार किलो चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो गईं। रात में दुकान बंद करने के समय गहनों का मिलान करने पर शक हुआ, जिसके बाद सीसीटीवी कैमरे की मदद से मामला खुला। पुलिस केस दर्ज कर फुटेज व अन्य माध्यमों से जांच कर रही थी।
सोमवार को थानाध्यक्ष अश्वनी तिवारी, एसएसआई अरुण कुमार सिंह की टीम ने एक महिला को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे की तलाश में टीम लगी है। एसपी ने बताया कि इसका कोई पुराना आपराधिक इतिहास नहीं है। दूसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।