पति का एक्सीडेंट बताकर महिला को कोलकाता ले जाने और वहां दो हफ्ते तक यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। पीपीगंज पुलिस ने शनिवार रात पति के दोस्त चिलुआताल थाना क्षेत्र के शैलेश यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति के दोस्त ने उसे बेचने की भी कोशिश की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। मामला पीपीगंज थाना क्षेत्र के जंगल कौड़िया चौकी अंतर्गत एक गांव का है। पहले इस मामले में पति ने गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
बाद में महिला के लौटने पर 19 जून को दूसरी तहरीर दी गई। पीड़िता की तहरीर के आधार पर अब अपहरण, दुष्कर्म और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। 35 वर्षीय पीड़िता तीन बच्चों की मां है। आरोप है कि पति के दोस्त ने उसे झांसा दिया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति का दोस्त बगल के गांव का रहने वाला है।
उसने 29 मई को उसे सूचित किया कि मानीराम में उसके पति का एक्सीडेंट हो गया है। इलाज के लिए सोने-चांदी के जेवर साथ ले चलने को कहा। महिला जेवर लेकर उसके साथ चल पड़ी। महेसरा पुल के नीचे पानी पिलाने के बहाने आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ पिला दिया।
होश आने पर पता चला कि वह कोलकाता के किसी अज्ञात स्थान पर एक कमरे में बंद है। महिला के अनुसार, बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ दो सप्ताह तक बार-बार संबंध बनाए।
सहजनवां के होटल में भी किया शोषण
बाद में आरोपी ने उसे घर पहुंचाने की बात कहकर गोरखपुर के सहजनवां स्थित एक होटल में रखा, जहां फिर से यौन शोषण किया गया। इसी दौरान महिला किसी तरह अपने पति से संपर्क करने में सफल हुई। पति होटल के सामने पहुंचे और महिला को वहां से अपने साथ ले गए।
मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी:
अनुराग कुमार सिंह, सीओ कैंपियरगंज