- रामगढ़ताल इलाके की घटना, केस दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रामगढ़ताल इलाके के कजाकपुर के रहने वाले एक शख्स के अनपढ़ होने का फायदा उठाकर उसके पड़ोसी ने ही ठगी कर दी। बैंक से रुपये निकालने में मदद के नाम पर अंगूठा लगवाया और उसके खाते से एक लाख 80 हजार रुपये निकालकर अपना घर बनवा लिया। अब जब पीड़ित को इसकी जानकारी हुई तो उसने अपना रुपया वापस मांगा तो उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। रामगढ़ताल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कजाकपुर निवासी चंद्रशेखर ने केस दर्ज कराया है। पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि वह मजदूरी करके कुछ पैसा बैंक में जमा किए थे। पढ़े-लिखे नहीं हैं। पास का ही सुग्रीव उसके पास एक दिन आया। उसने बैंक पासबुक मांग कर ले गया कि आपका पैसा निकलवा कर आप को दे देंगे।
सुग्रीव ने रुपये निकालने वाले फार्म पर अंगूठा लगवा लिया और खाते से एक लाख 80 हजार रुपये हड़प लिया। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
...
बैंक में भी सामने आई थी इसी तरह की जालसाजी
बीते 13 जनवरी को ही गुलरिहा पुलिस ने ऐसे ही विश्वास में अंगूठा लगाकर जालसाजी करने के आरोपी बैंक कर्मचारी को जेल भेजा था। इस मामले में इंडियन बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय के प्रमुख सतीश सोनकर ने भटहट शाखा में कार्यरत क्लर्क मयंक श्रीवास्तव निवासी मेडिकल रोड खरैया पोखरा व दिव्यांश पांडेय निवासी शिव मंदिर लाला टोली जाफरा बाजार और जंगल डुमरी शाखा में तैनात क्लर्क विक्रांत सिंह निवासी जिरासो तहसील सलेमपुर देवरिया के खिलाफ गुलरिहा में केस दर्ज कराया है। ये सभी बैंक में आने वाले कम पढ़े-लिखे लोगों के खाते से 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी किए थे।
मदद के नाम पर निकाल लिए थे एक लाख
खजनी ब्लॉक के राममूरत के साथ भी एक साल पहले इसी तरह की घटना सामने आई थी। पुलिस ने आरोपी को जेल भी भी भेजा था। पासबुक लेकर बैंक गए राममूरत से मदद के बहाने उनके गांव का ही शख्स अंगूठा लगाकर खाते से पांच हजार रुपये की जगह एक लाख रुपये निकाल लिया था।