अमेरिका में नौकरी के लिए पत्नी के गहने भी गिरवी रखे, ठगों ने हड़प लिया
- तिवारीपुर निवासी ऑटो चालक से हुई तीन लाख की ठगी, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर।
अमेरिका में नौकरी मिलने की उम्मीद में एक ऑटो चालक ने अपनी सारी जमापूंजी और पत्नी के गहने तक गिरवी रख दिए। लेकिन उसके एक ऑटो चालक साथी ने ही एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर उसके तीन लाख रुपए हड़प लिए। जब उसे पता चला कि वह ठगा जा चुका है तब उसने अपने रुपये वापस मांगने शुरू किए लेकिन उसे धमकी मिलनी शुरू हो गई। हार कर पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस आरोपी ऑटो चालक पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
तिवारीपुर सुभाषनगर निवासी व ऑटो चालक पुरुषोत्तम से तीन लाख रुपये की जालसाजी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक ऑटो चालक व बिहार निवासी शैलेश कुमार गिरी ने अमेरिका में सुपरवाइजर की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की है। उसने अब तक की जमापूंजी व पत्नी के गहने बंधक रखकर रुपये दिए है और अब वह रुपये भी वापस नहीं कर रहा है। उलटे धमकी दे रहा है। पुलिस आरोपी शैलेश गिरी पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, तिवारीपुर सुभाषनगर निवासी पुरुषोत्तम ऑटो चला कर अपने परिवार की परवरिश करता है। उसने पुलिस को तहरीर दी है कि दो साल पहले उसकी मुलाकात मूलत: बिहार और वर्तमान में बशारतपुर में रहने वाले ऑटो चालक शैलेश कुमार गिरी से हुई। शैलेश ने उससे बताया कि उसका दोस्त हरियाणा निवासी कमलजीत सिंह अमेरिका में रहता है और वहीं पर व्यापार करता है। उसने बताया है कि अमेरिका में मॉल में सुपरवाइजर की जगह खाली है, जिसके लिए 20 लड़कों की आवश्यकता है। तनख्याह हर माह 5500 डाॅलर मिलेगा और खाना-रहना अपना होगा। वीजा के लिए तीन लाख रुपये लगेगा। उसकी बातों पर विश्वास करके अमेरिका जाने के लिए तैयार हो गया और फिर कई तारीखों में कमलजीत के खाते में रुपये भेज दिए। उसने बताया कि 12- दिसंबर 2023 को तुम्हारी उड़ान दिल्ली से है। इस पर वह 11 दिसंबर 2023 को ही दिल्ली पहुंच गया और वहां पर उनसे बात की तो उन्होंने 13 दिसंबर 2023 इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर बुलाया। वहां जाने पर कई और लोग भी मिले, जिन्हें उसने बुलाया था। लेकिन, फिर उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया। सभी लोग लौट आए। तब उसे अहसास हुआ कि वह ठगा जा चुका है। अब वह अपने रुपये वापस मांग रहा है तो वह धमकी देता है। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि तहरीर के आधार पर शैलेश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।