अज्ञात महिला की हत्या के मामले में नया मोड़ आने के बाद पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। शुक्रवार को पुलिस ने उरुवा कस्बे की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिस महिला का शव मिला था, उससे मिलती जुलती महिला एक युवक से बात करते देखी गई है। पुलिस महिला के साथ ही अब उस युवक की भी फोटो अन्य थानों पर भेजकर पहचान में जुट गई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम में महिला की गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है। जबकि किसी तरह की हैवानियत से पुलिस ने इंकार किया था। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम में भी नहीं हुई है। उरुवा के चचाईराम सिवान में 19 जून की सुबह महिला का अर्द्धनग्न हाल में शव मिला था। आस-पास शराब, चखने के साथ ही दवाएं मिली थीं। इस कारण हैवानियत की आशंका जाहिर की गई थी।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि महिला किसी परिचित के साथ ही वहां आई रही होगी। युवक उरुवा बाजार और जहां शव मिला है, उस जगह से भली-भांति परिचित रहा होगा। महिला को कहीं और से यहां लाया गया होगा। उसकी हत्या क्यों की गई, इसका खुलासा आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही होगा।
पुलिस हर पहलुओं पर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज से कुछ सुराग मिले हैं। उसके आधार पर एक युवक की तलाश की जा रही है। साथ ही शव की भी पहचान कराने का प्रयास पुलिस कर रही है। बहुत जल्द आरोपी पकड़ लिया जाएगा।
- जितेंद्र कुमार,
एसपी दक्षिणी