70 जगहों पर बरसाए जाएंगे फूल, एनेक्सी भवन में मुख्यमंत्री योगी ने पीएम के स्वागत के लिए दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिये गीता प्रेस आएंगे और फिर वहां से रेलवे स्टेशन पहुंचकर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। शहर में प्रधानमंत्री का 70 स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत होना है। बारिश भी हो सकती है, लेकिन स्वागत की तैयारी में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए कार्यकर्ताओं की अलग-अलग टोली बनाएं, जो पीएम मोदी के उद्घोष और भाजपा के झंडे के साथ अभिवादन करे।
मुख्यमंत्री योगी, मंगलवार को एनेक्सी भवन में प्रधानमंत्री की स्वागत के लिए आयोजित तैयारी बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और रूट की जानकारी दी। कहा कि मोहद्दीपुर और पैडलेगंज में कूड़ा और गंदगी दिखती है। उसे ढके नहीं, बल्कि निस्तारण कराएं। शहर में कहीं गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। सब कुछ व्यवस्थित दिखनी चाहिए, ताकि जो देखे, उसके मन में स्वच्छ शहर की तारीफ करे। रामगढ़ताल की सुंदरता की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे देखकर हर कोई अभिभूत होता है, इसके आसपास की सफाई में कोई कोर कसर न रह जाए। बैठक का संचालन महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता और आभार जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने जताया।
बैठक में सांसद रवि किशन, मेयर डा मंगलेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी डा धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेहबहादुर सिंह, विपिन सिंह, श्रीराम चौहान, प्रदीप शुक्ला, एमएलसी सीपी चंद, डा. विमलेश पासवान, राजेश तिवारी, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पुष्प दत्त जैन, मीडिया प्रभारी डॉ बच्चा पांडेय नवीन, जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, अशोक मिश्रा, अच्युतानंद शाही आदि मौजूद रहे।
बैरिकेडिंग के बाहर से अभिवादन करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन पर सभी जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी, प्रशासन व पुलिस से तालमेल बनाए रखें और अनुशासित होकर काम करें। किसी को सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ की अनुमति नहीं होगी। बैरिकेडिंग के बाहर या दूर से ही अभिवादन करें। अवांछनीय तत्वों से भी सतर्क रहें।