गोरखपुर। बीते दिनों लगातार हुई बारिश में परेशानी झेल चुके शहरवासियों को एकबार फिर जलभराव का सामना करना पड़ा। सोमवार रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत तो मिली, लेकिन शहर की कई सड़कों, गलियों और मोहल्लों में पानी भर गया। दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद पानी निकलने पर स्थिति सामान्य हुई।
सोमवार की रात तेज बारिश के बाद मंगलवार को दिन में हुई बारिश से बुद्धनगर, दक्षिणी बेतियाहाता, दाउदपुर, गोपलापुर, बिलंदपुर, रुस्तमपुर, दीवान बाजार, विजय चौक, घंटाघर, खूनीपुर, साहबगंज, बिछिया, दिलेजाकपुर आदि इलाकों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद कई इलाकों से पानी निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने मंगलवार को शहर के जलभराव की आशंका वाले इलाकों का भ्रमण किया। उन्होंने दाउदपुर, सूरजकुंड, तारामंडल, राप्तीनगर से लेकर स्पोर्ट्स कॉलेज इलाके का निरीक्षण किया। इस दौरान अभियंताओं से भी उनका लोकेशन लेते रहे।
वर्जन
बारिश में जलभराव के दौरान नालियों की साफ-सफाई नहीं होने से जलभराव की थोड़ी परेशानी सामने आई थी। करीब दो घंटे के बाद पानी निकल गया। बारिश कम होने के बाद फिर नालियों की साफ-सफाई कराई जाएगी। साथ ही अवैध अतिक्रमण भी हटाए जाएंगे।
-गौरव सिंह सोगरवाल, नगर आयुक्त