गोरखपुर जिले में भू-माफिया की साजिश का शिकार हुए जैतपुर निवासी नूर मोहम्मद को उनकी पैतृक जमीन और आवास दिलाने के लिए गांव वाले समर्थन में आगे आए हैं। शुक्रवार को ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के आवास पर बैठक की और पीड़ित को हर संभव मदद देने का संकल्प जताया गया। ग्राम प्रधान ने भी पीड़ित को न्याय दिलाने में पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया।
दिल्ली में रोजगार के सिलसिले में करीब तीस साल गुजारने के बाद गांव जैतपुर लौटे नूर मोहम्मद को जानकारी हुई कि भू-माफिया ने उन्हें और उनके भाई को मृत बताकर उनकी आठ बीघा से अधिक जमीन और आवास हड़प लिया है। जमीन वापस पाने की कोशिश की तो दबंगों से जान से मारने की धमकी मिली। पीड़ित ने गीडा थाने में शिकायती पत्र दिया था। अब गांव वाले पीड़ित नूर मोहम्मद के समर्थन में आए हैं। शुक्रवार को गांव के कई लोग ग्राम प्रधान उपेंद्र कुमार के आवास पर इकट्ठा हुए। बैठक में सब ने एक स्वर में कहा कि नूर मोहम्मद को न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद करने की बात कही।
पीड़ित की जमीन और पुश्तैनी मकान वापस दिलाने के लिए ग्राम प्रधान से मांग की गई कि वह प्रशासन से सहयोग मांगे। प्रधान उपेंद्र कुमार ने कहा नूर मोहम्मद उम्र दराज होने की वजह से शारीरिक रूप से कमजोर हैं। इस उम्र में इन्हें अपनी संपत्ति के लिए बार-बार तहसील से लेकर स्थानीय थाना का चक्कर काटना पड़ रहा है। प्रशासन से बात कर उन्हें न्याय दिलाया जाएगा। नूर मोहम्मद ने पीड़ा सुनाई कि जमीन व पुश्तैनी मकान छिन जाने के कारण, वह गांव में ही अपनी बहन के घर पर रहने को मजबूर हैं।
आरोप लगाया कि अब विरोधी पक्ष उनकी बहन के परिवार को भी जानमाल का नुकसान करने की धमकी दे रहे हैं। सभी ने पीड़ित को न्याय दिलाने का संकल्प जताया। बैठक में दिलावर, गुलाम, नबी, शाकिर अली, जमालुद्दीन, जलालुद्दीन अहमद, अकरम, हुसैन, गनी, सोनू, फारूक, महाजन आदि ग्रामीण मौजूद रहे।