उरुवा ब्लॉक के इंद्रापार खुर्द का मामला, जिम्मेदारों पर लगाया उपेक्षा का आरोप
कुईं बाजार। उरुवा ब्लॉक के ग्राम पंचायत इंद्रापार खुर्द के राजस्व गांव मठखेमकरन में पोखरे के सुंदरीकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विजय नारायण पांडेय के नेतृत्व में बुधवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान किसी जिम्मेदार के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण प्रेमचंद भारती, रामसूरत जायसवाल, हरि मोहन गोस्वामी, कमलेश, सुनील, राजेश, कृष्ण मोहन गोस्वामी, हरि, संजय जायसवाल, शिवचरण यादव आदि ने आरोप लगाया कि गांव में स्थित प्राचीन शिव मंदिर व पोखरा उपेक्षा का शिकार है। पोखरा जलकुंभी से भरा है और इसके चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा है। इस पोखरे पर महिलाएं छठ पूजा करने आती हैं साथ ही मंदिर होने के नाते धार्मिक अनुष्ठान भी होता है। पोखरे के सुंदरीकरण के लिए ब्लॉक के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन किसी ने सुधि नहीं ली।
ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि रामा यादव का कहना है कि जलकुंभी की सफाई के लिए किसी प्रकार का बजट नहीं आता है।इस समस्या से बीडीओ उरुवा को अवगत कराया गया था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। एडीओ पंचायत उरुवा विनोद कुमार का कहना है कि मनरेगा के तहत पोखरे की सफाई कराने के लिए ग्राम प्रधान को निर्देशित किया जाएगा।