गोरखपुर के पैडलेगंज में स्टंटबाजी में हुई एक युवक की मौत के बाद तेज रफ्तार में फर्राटा भरने वालों के खिलाफ कैंट इलाके में शनिवार को चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कैंट पुलिस ने हंटर पर वीआईपी पास व हूटर लगाकर चल रही कार और आठ बाइक सीज कर दीं।
कैंट इलाके में दोपहर के समय चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान मोहद्दीपुर निवासी हर्ष पांडेय थार वाहन के साथ पकड़े गए। हर्ष ने वाहन पर वीआईपी पास लगवाया था, उसके बारे में पूछने पर वह कुछ भी बता नहीं पाए। इसी तरह संतकबीर नगर के मेहदावल कस्बे के सोनबरसा गांव निवासी अनिल कुमार यादव वरना कार पर हूटर लगाकर चलाते पकड़े गए।
दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इसी तरह तेज रफ्तार में फर्राटा भरते मिली आठ बाइक को भी सीज कर दिया।