- गोरखपुर महोत्सव के अंतर्गत आयोजित हुई टेबल टेनिस प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव समिति एवं खेल विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के अंतर्गत मंगलवार को टेबल टेनिस बालक एवं बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं।
बालक वर्ग में वर्तिक दत्त त्रिपाठी प्रथम, अरुल गुप्ता द्वितीय और तेजस मौर्या तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में प्रथम स्थान पर सौम्या शुक्ला, द्वितीय सुकृति शुक्ला और तृतीय सिदरा फातमा रहीं।
उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय पहलवान दिनेश सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। पुरस्कार वितरण के अवसर पर मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष आशीष जायसवाल, अविरल शर्मा, विनोद पाण्डेय ने विजेता और उप विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
आज होगा राज्य स्तरीय हाफ मैराथन का आयोजन
खेल महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष हाफ मैराथन का आयोजन रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम के मेन गेट से होगा। हाफ मैराथन रेस के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य राजस्व अधिकारी सुशील कुमार गौड़ द्वारा झंडी दिखाकर रेस का शुभारंभ किया जाएगा। विजेता एवं उप विजेता खिलाड़ियों का पुरस्कार वितरण समारोह सुबह 9 बजे होगा जिसके मुख्य अतिथि मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव होंगे। दिव्यांग ट्राई साइकिल रेस सुबह 10 बजे से 12 बजे के बीच रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा।