वैलेंटाइन डे की तैयारी में खरीदारी करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर में भी इश्क का सप्ताह यानि वैलेंटाइन प्रेमी जोड़ों के लिए काफी खास होता है। इसके हर दिन को वे अपने अंदाज से मनाते हैं। सप्ताह का छठवां दिन हग डे के रूप में मनाया जाता है। इस दिन लोग जादू की झप्पी देकर अपने प्यार का एहसास कराते हैं। गोरखपुरवासी भी उपहार देने के बाद आज जादू की झप्पी देकर इस दिन को मनाएंगे।
12 फरवरी को विश्व भर में हग डे के रूप में मनाया जाता है। जब हम किसी शख्स को गले लगाते हैं, तो हमारे शरीर से कई हार्मोन निकलते हैं जो हमारे लिए काफी फायदेमंद होते हैं। जिससे हम प्यार करते हैं उसके प्रति हमारा प्यार और विश्वास भी बढ़ जाता है। इस दिन को मनाने के लिए गोरखपुरवासियों में भी खूब उत्साह है।
बाजार ने भी इसके लिए अपनी तैयारी कर ली है। वैलेंटाइन सप्ताह के लिए गोरखपुर के बाजार में कई तरह के उपहार उपलब्ध हैं। अपनी-अपनी पसंद के अनुसार लोग इसे खरीद कर भेंट कर रहे हैं।
बाजार में इस तरह के उपहारों की मांग
वैलेंटाइन सप्ताह के लिए प्रेमी जोड़े ऐसे उपहार खरीद रहे हैं जो यादगार रहे। इस समय फोटो फ्रेम लैंप, श्रीराम दरबार, राधा-कृष्ण मूर्ति, चॉकलेट गिफ्ट हैंपर, मेकअप सेट की मांग है। दुकानदार मनीष ने बताया कि अभी तक दिन के हिसाब से उपहारों की मांग थी। हग डे पर भी लोग अपने प्रियजनों को कुछ उपहार देकर प्यार का एहसास कराने की तैयारी में हैं।
बोले युवा.
विवेक सिंह ने कहा, हमारे लिए दोस्त ही सब कुछ हैं। उनको श्रीराम दरबार भेंट करेंगे और जादू की झप्पी देकर इस दिन को मनाएंगे।
अभिजीत शर्मा बताते हैं कि चॉकलेट और प्रॉमिस डे के बाद अब बाकी बचे दिनों को मनाने की तैयारी है। हग डे के लिए भेंट करने के लिए उपहार ले लिए हैं।