गोरखपुर। कैंट स्टेशन के यार्ड रिमाडलिंग और कैंट-कुसम्ही तीसरी लाइन के प्री नॉन इंटरलाकिंग के चलते बीते 7 अगस्त से ही रेलवे ने मेगा ब्लॉक ले रखा है। इसके चलते सभी पैसेंजर गाड़ियां निरस्त हैं। महत्वपूर्ण ट्रेनों में से कुछ को बदले रास्ते से चलाया जा रहा है और कुछ को कैंट के रास्ते काशन पर। जिन गाड़ियों को इस रूट पर काशन पर चलाया जा रहा है, वे सभी हर दिन 1 से लेकर 5 घंटे तक की देरी से चल रही हैं।
गोरखपुर जंक्शन से होकर वैशाली, संपर्क क्रांति, सप्तक्रांति, सत्याग्रह समेत कई प्रमुख गाड़ियां दिल्ली जाती हैं। बिहार से आने वाली ये गाड़ियां गोरखपुर-नरकटियागंज अथवा छपरा-गोरखपुर रेल मार्ग से कैंट स्टेशन पर आती हैं। देवरिया की तरफ से आने वाली ट्रेनों को कुसम्ही से कैंट तक तथा पिपराइच की तरफ से आने वाली ट्रेनों को कैंट स्टेशन पर सतर्कता बरतनी होती है। परंतु ये चुनिंदा ट्रेनें भी समय से नहीं चल पा रही हैं। मंगलवार को तो स्थिति और भी खराब थी। काठगोदाम के यात्री स्टेशन पर ट्रेन में सवार थे, लेकिन गाड़ी कब छूटेगी, इसकी सही जानकारी नहीं मिल पा रही थी। वजह यह कि कैंट पर एनआई के चलते सभी गाड़ियां रोकी गई थीं।