हर सेंटर पर तैनात रहेंगे एक दरोगा सहित पांच पुलिसकर्मी
ट्रेजरी के डबल लॉक से पुलिस सुरक्षा में सेंटर पर भेजे जाएंगे प्रश्नपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस प्री परीक्षा 14 मई को 41 सेंटर पर होगी। सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में दोनों पाली में कुल 64 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। हर सेंटर को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। सुरक्षा के लिए हर सेंटर पर एक दरोगा, दो महिला और दो पुरुष सहित पांच पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
एसपी सिटी केके विश्नोई ने बताया कि पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 से 11 .30 बजे तक और दूसरी पाली की 2.30 से 4.30 बजे तक होगी। इस दौरान किसी तरह की गड़बड़ी से निपटने का पूरा इंतजाम किया गया है। परीक्षा केंद्र पर किसी कर्मचारी के परिवार या रिश्तेदार के अभ्यर्थी होने पर उसकी ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। केंद्रों पर तैनात कर्मचारियों को नो रिलेशन का प्रमाण पत्र देना होगा।
परीक्षा शुरू होने के पहले ही केंद्र पर तैनात सभी कर्मचारियों की फोटो खींची जाएगी। कक्ष निरीक्षकों को डेढ़ घंटे पहले ही केंद्र पर पहुंचने का निर्देश है। परीक्षा के प्रश्नपत्रों को कोषागार के डबल लॉक से कड़ी सुरक्षा में केंद्रों पर पहुंचाया जाएगा।
यह ध्यान रखें अभ्यर्थी
परीक्षा केंद्रों पर सभी अभ्यर्थियों को आधे घंटे पहले प्रवेश मिलेगा।
अभ्यर्थियों की पूरी जांच के बाद उनको भीतर जाने दिया जाएगा।
परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट पहले तक किसी अभ्यर्थी को भीतर जाने की अनुुमति नहीं होगी।
पहले पेपर में सामान्य ज्ञान और दूसरे पेपर में सामान्य हिंदी, सामान्य अंग्रेजी, मानसिक योग्यता अभिरूचि, सामान्य गणित आदि होंगे।
दोनों पाली के प्रश्नपत्र 200-200 अंक के होंगे।
परीक्षा को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। हर केंद्र पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। : विनीत कुमार सिंह, एडीएम सिटी