हाईस्कूल में 91.19 और इंटर में 76.31 फीसदी विद्यार्थियों ने गाड़ा प्रतिभा का झंडा
- यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी
- प्रदेश में गोरखपुर को हाईस्कूल में 30वां और इंटर में मिला 47वां स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के परिणाम मंगलवार दोपहर जारी हुए। जिले में हाईस्कूल में 91.19 फीसदी और इंटरमीडिएट में 76.31 फीसदी परीक्षार्थी सफल हुए हैं।
हाईस्कूल में पिछले वर्ष 88.60 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए थे जबकि इस वर्ष 91.19 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए। वहीं इंटर में पिछले साल 84.75 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण थे तो इस साल 76.31 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की हैं।
विद्यार्थियों के पास होने के मामले में गोरखपुर की रैंकिंग भले ही थोड़ी सुधारी है, लेकिन फिर भी गोरखपुर एक बार फिर से प्रदेश में फिसड्डी साबित हुआ है। हाईस्कूल की परीक्षा में गोरखपुर को प्रदेश में 30वां तो इंटरमीडिएट में 47वां स्थान मिला है।
बोर्ड ने जिलावार भी पास होने वाले विद्यार्थियों की सूची जारी की है। वर्ष 2022 में हाईस्कूल में गोरखपुर 36वें स्थान पर था। इस वर्ष 30वें स्थान पर है। इंटर में 47वें स्थान पर है, जबकि पिछले वर्ष 48वें स्थान पर था।
-
हाईस्कूल और इंटर में बेटियों की फिर धमक
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी लड़कियां लड़कों को पछाड़कर आगे निकल गईं। जिले में हाईस्कूल और इंटर दोनों ही कक्षाओं में बेटियों ने जिला टॉप किया। हाईस्कूल में 96 फीसदी अंक प्राप्त कर सहजनवां की अदिति यादव ने जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। जबकि इंटरमीडिएट में वंशिका और शिव्या दोनों ने ही एक बराबर 95.40 फीसदी अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया। बेटियों की सफलता का अंदाजा इसी आंकड़े से लगाया जा सकता है कि हाईस्कूल के जिला में टॉप 10 टापर्स में 16 मेधावियों में 12 और इंटर के टॉप 10 के 17 मेधावियों में 11 बेटियां शामिल हैं।
-
सुबह से ही दिखे उत्साहित
सोमवार को रिजल्ट घोषित होने की सूचना आ चुकी थी। इसलिए मंगलवार को सुबह से ही परीक्षार्थी रिजल्ट को लेकर उत्साहित दिखें। दोपहर डेढ़ बजे रिजल्ट जारी होना था, लेकिन परीक्षार्थियों ने 12 बजे ही नजदीकी साइबर कैफे पर जुटना शुरू कर दिया था। जैसे ही रिजल्ट जारी हुआ इसके बाद सफल परीक्षार्थियों ने एक दूसरे को बधाई देनी शुरू कर दी। घर के बड़े और स्कूल शिक्षकों का भी आशीर्वाद लेकर मंदिर जाकर पूजा-अर्चना भी की।
प्रदेश के टॉप-10 में नहीं मिली जगह
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परिणाम भले ही अच्छे आए हैं, लेकिन प्रदेश की टॉप 10 की मेरिट लिस्ट में जिले का कोई मेधावी जगह नहीं बना सका। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिलों की मेरिट लिस्ट अलग से जारी की है।
इंटर
पंजीकृत शामिल हुए उत्तीर्ण फीसदी
70963 68912 52588 76.31
हाईस्कूल
पंजीकृत शामिल हुए उत्तीर्ण प्रतिशत
79357 74565 67999 91.19
इंटर में बालक और बालिका के पास होने का आंकड़ा
श्रेणी परीक्षा में शामिल पास
बालक 36579 25625
बालिका 32333 26963
हाईस्कूल में बालक और बालिका के पास होने का आंकड़ा
श्रेणी परीक्षा में शामिल पास
बालक 37453 33007
बालिका 37112 34992
चार वर्षों का आंकड़ा
हाईस्कूल
2019 79.63 फीसदी
2020 81.62 फीसदी
2022 88.60 फीसदी
2023 91.19 फीसदी
इंटर
2019 70.06 फीसदी
2020 71.42 फीसदी
2022 84.75 फीसदी
2023 76.31 फीसदी
-