गोरखपुर। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जिले में 175 केंद्रों की अनंतिम सूची जारी कर दी गई है। पिछले साल के मुकाबले इस बार 22 परीक्षा केंद्र कम किए गए हैं। सूची जारी होते ही मंगलवार को बोर्ड की साइड पर आपत्तियां दर्ज कराने के लिए कई आवेदन आए। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने ऑनलाइन प्रक्रिया से चयनित परीक्षा केंद्रों की सूची वेबसाइट पर अपलोड की है। विद्यालयों की आधारभूत सूचनाओं के आधार पर तैयार सूची का परीक्षण डीएम की अध्यक्षता वाली जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति करेगी। परीक्षा केंद्रों के चयन से असंतुष्ट विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रबंधक 28 अक्तूबर तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए आपत्ति का कारण और संबंधित साक्ष्य भी पोर्टल पर अपलोड करने होंगे।