गोरखपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा बुधवार को जिले के सभी केंद्रों पर हुई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में हुई परीक्षा के दौरान 1105 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सभी केंद्रों का निरीक्षण कर सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, जनपदीय तथा मंडलीय सचल दल ने व्यवस्था का जायजा लिया।
राजकीय जुबिली इंटर काॅलेज स्थित जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम प्रभारी किरन कुमार आरेतो ने बताया कि पहली पाली संस्कृत में कुल 2371 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 2264 उपस्थित तथा 107 अनुपस्थित रहे। इसी तरह इंटरमीडिएट अर्थशास्त्र में कुल पंजीकृत 5588 परीक्षार्थियों में से 5380 उपस्थित तथा 208 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली में हाईस्कूल संगीत गायन में 39 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 38 उपस्थित तथा एक अनुपस्थित तथा इंटरमीडिएट चित्रकला में पंजीकृत 13332 परीक्षार्थियों में से 12543 उपस्थित तथा 789 अनुपस्थित रहे।
डीआईओएस डाॅ. अमरकांत सिंह ने बताया कि दोनों पालियों की परीक्षाएं सीसीटीची की निगरानी में संपन्न हुईं। परीक्षा को शांतिपूर्ण संचालित कराने में केंद्र व्यवस्थापक एवं वाह्य केंद्र व्यवस्थापकों ने हत्वपूर्ण भूमिका निभाई।