केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में सफल अभ्यर्थियों को केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल व सांसद रवि किशन ने दिया नियुक्ति पत्र
-तारामंडल स्थित बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित था रोजगार मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 246 अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण के लिए मंगलवार को तारामंडल स्थित बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल और सांसद रवि किशन के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे।
केंद्र सरकार के अधीन आने वाले रेलवे, इंडियन पोस्ट, यूनियन बैंक, एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया, ओरियंटल इंश्योरेंस, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूको बैंक, केनरा बैंक आदि में विभिन्न पदों पर इन अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की थी। कार्यक्रम में दौरान अतिथियों के हाथों 31 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस मौके पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए कृत संकल्पित है। सांसद रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं का कौशल विकास कर रोजगार योग्य बनाया जा रहा है। इस दौरान कार्यक्रम के आयोजक बैंक ऑफ बड़ौदा के डीआरएम आशीष सिंह, मान्या उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
ये पड़ाव नहीं, पार्टी को और आगे ले जाना है : अनुप्रिया
अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पदाधिकारियों संग की बैठक
गोरखपुर। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री व अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने कहा कि पार्टी ने कार्यकर्ताओं के त्याग व समर्पण के बल पर एक मजबूत इमारत खड़ी की है। आज पूरे प्रदेश में पार्टी की गूंज है, लेकिन ये अपना पड़ाव नहीं है, हमें अभी और आगे जाना है। उन्होंने डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर दो जुलाई को लखनऊ में आयोजित होने वाले समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं से पहुंचने का आह्वान किया। ये बातें उन्होंने सर्किट हाउस में पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहीं। इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कौशल सिंह, राष्ट्रीय सचिव गिरजेश पटेल, प्रदेश प्रवक्ता राजेश श्रीवास्तव, व्यापार मंच के प्रदेश अध्यक्ष पुष्कर चौधरी, जिलाध्यक्ष उदयभान चौधरी आदि मौजूद थे। संवाद