0- दुर्गाबाड़ी बिजली उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में सुबह 8 बजे से गुल रही बिजली
0- जल निगम के ठेकेदार की ओर से सीवर लाइन बिछाने के दौरान कटा भूमिगत केबल
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। दुर्गाबाड़ी बिजली उपकेंद्र से जुड़े 12 हजार घरों में सुबह 8 बजे से बिजली आपूर्ति गुल रही। अभियंता ने दावा किया है कि रात 10 से 11 बजे तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आपूर्ति शुरू करवा दी जाएगी। क्षेत्र के पार्षद ने जल निगम के ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जल निगम की तरफ से ठेकेदार ने बिना बिजली निगम को सूचना दिए अंधियारी बाग में सड़क किनारे सीवर की पाइप लाइन लगाने के लिए जेसीबी से खुदाई शुरू कराई है। इस दौरान बिजली घर का 33 केवी भूमिगत केबल जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे बिजली घर से जुड़े मोहल्लों में आपूर्ति गुल हो गई। इसके बाद ठेकेदार काम बंद कर फरार हो गया। उधर, बिजली ठप होने से महिलाएं काफी परेशान रहीं। स्थानीय लोगों की सूचना पर दोपहर बाद बिजली कर्मचारियों ने केबल की मरम्मत शुरु की, लेकिन देर रात तक सफलता नहीं मिली। अभियंताओं का दावा है कि रात 10 से 11 बजे के बीच वैकल्पिक व्यवस्था से बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। बिजली निगम के मुताबिक, ठेकेदार ने दो महीने के दौरान 5वीं बार भूमिगत केबल को क्षतिग्रस्त किया है। इसके पहले एक्सईएन ने डीएम व कमिश्नर को पत्र लिखकर जल निगम के ठेकेदार की शिकायत की थी। प्रशासन के नेतृत्व में हुई बैठक में जल निगम के अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि आगे से जब भी काम शुरु होगा। सबसे पहले बिजली निगम को सूचना दी जाएगी, लेकिन ठेकेदार ने मनमानी करते हुए शुक्रवार सुबह अधियारी बाग में सड़क किनारे खुदाई शुरु करा दी।
..............
कोट
जल निगम को पत्र के माध्य से कई बार कहा गया कि सीवर लाइन का काम शुरू करने से पहले बिजली निगम को सूचना जरूर दें, लेकिन हर बार बिना सूचना के ही काम शुरू कर देते हैं। ऐसे में आए दिन भूमिगत केबल में फाल्ट से दिक्कत हो जाती है। निगम को लाखों रुपये की क्षति के साथ लोगों को घंटों संकट झेलना पड़ता है। बिजली निगम की टीम फाल्ट सही करने का काम कर रही है। रात 11 बजे तक आपूर्ति शुरू हो सकती है।
अतुल रघुवंशी, अधिशासी अभियंता बक्शीपुर
-
भूमिगत केबल को लेकर कई बार कहा गया है कि जिन इलाकों में काम हुआ हो, उसकी एक सूची दे दें। जल निगम की ओर से भी जहां सीवर लाइन बिछाई जाएगी, उसकी सूची दे दी जाएगी। ठेकेदार ने बताया कि जरा सी खुदाई में ही केबल कट गया है। हालांकि, अवर अभियंताओं को निर्देशित किया गया है कि आने वाले समय में सीवर लाइन के काम से पहले बिजली निगम से संपर्क जरूर करें।
रतनसेन सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, जल निगम