भटहट। गुलरिहा थाना क्षेत्र के बरगदही गांव के सामने शनिवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुईं दो सगी बहनों की इलाज के दौरान मौत हो गई है। हादसे के अगले दिन रविवार को छोटी बहन तीजा (22) ने दम तोड़ दिया था। वहीं, बुधवार को बड़ी बहन उषा (28) की भी मौत हो गई। मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार, बरगदही गांव के केवटान टोला निवासी रामाज्ञा निषाद की बेटियां उषा और तीजा शनिवार दोपहर करीब एक बजे खेत से घर लौट रही थीं। निजी स्कूल के सामने फोरलेन पर गोरखपुर से महराजगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर भाग गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा जहां उनका इलाज चल रहा था।