पीपीगंज क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज की दो छात्राएं शुक्रवार को स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं और लापता हो गईं। परेशान छात्राओं के परिजनों ने काफी खोजबीन की। उनके न मिलने पर पुलिस को सूचना देने के साथ कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर छात्राओं की तस्वीरें वायरल कर लोगों से मदद की अपील की। पुलिस ने शनिवार को दोनों छात्राओं को अंबेडकरनगर से खोज लिया।
19 वर्षीय छात्रा (कक्षा 10) और 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे घर से पीपीगंज स्थित एक इंटर कॉलेज के लिए निकली थीं। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने पहले रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की। कुछ पता नहीं चलने पर शनिवार सुबह करीब दस बजे पीपीगंज थाने में सूचना दी गई।
इसके बाद कैंपियरगंज क्षेत्राधिकारी अनुराग सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह और चौकी प्रभारी गौरव तिवारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। नगर पंचायत क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही एसओजी टीम को भी छात्राओं की तलाश में लगाया गया।
लगातार कोशिशों के बाद शनिवार को पुलिस को सफलता मिली और दोनों छात्राओं को अंबेडकरनगर जनपद से खोज लिया गया। छात्राओं के मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस सूत्रों के मुताबिक छात्राएं स्वयं
अंबेडकर नगर गई थीं। हालांकि वहां जाने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
इस संबंध में कैंपियरगंज सीओ अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि दोनों छात्राओं को खोज लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि छात्राएं किन परिस्थितियों में घर से गई थीं।