एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम ने गीडा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 530 ग्राम उच्च गुणवत्ता की हेरोइन बरामद की गई है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों की पहचान छेदी यादव निवासी चकरा अव्वल, राजघाट और अरुण सिंह निवासी चरन लाल चौक, थाना कोतवाली के रूप में हुई।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के थाना प्रभारी रमेश राम ने बताया कि टीम को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि गीडा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौसड़ पुलिस चौकी के एकला बाजार स्थित शिव मंदिर के पास मादक पदार्थों की बड़ी खेप की सप्लाई होने वाली है। इसके बाद एएनटीएफ की टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी की।
इस दौरान बिना नंबर प्लेट की एक स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 530 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद भी मिले। बरामदगी के बाद नौसड़ चौकी प्रभारी कमलेश प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों आरोपियों को गीडा थाने लाया गया।
पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि वे हेरोइन की खेप बाराबंकी जिले के जैतपुर निवासी मोहम्मद अनस के माध्यम से प्राप्त करते थे, जो वर्तमान में लखनऊ जेल में बंद है। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे लंबे समय से बाराबंकी से हेरोइन लाकर गोरखपुर के विभिन्न इलाकों में सप्लाई कर रहे थे।